02 अनुचरों को किया गया निलम्बित अनुदेशक, जिला समन्वयक एवं स्पेशल एजुकेटर की संविदा हुई समाप्त 03 अधिकारियों के विरूद्ध होगी विभा...
02 अनुचरों को किया गया निलम्बित
अनुदेशक, जिला समन्वयक एवं स्पेशल एजुकेटर की संविदा हुई समाप्त
03 अधिकारियों के विरूद्ध होगी विभागीय कार्रवाई
रिपोर्ट -धर्मेन्द्र कान्त,बहराइच, उत्तर प्रदेश
20 फरवरी 2026
न्यूज ऑफ इंडिया ऐजेंसी बहराइच
बहराइच- जनपद बहराइच में ट्रक संख्या यूपी 21 एफटी 8485 द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-2027 हेतु निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों को कबाड़ में बिक्री हेतु काशीपुर (उत्तराखण्ड) ले जाये जाने से सम्बन्धित प्रकरण की जांच हेतु जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा गठित की गई 05 सदस्यीय समिति की जांच आख्या 19 फरवरी 2026 द्वारा उल्लेख किया गया है कि शैक्षिक सत्र-2026-27 में जनपद स्तर पर प्राप्त/आपूर्तित पाठ्य-पुस्तकों के भण्डारण तथा अभिलेखों के रख-रखाव के लिए 08 सदस्यीय समिति का गठन करते हुए उत्तरदायी बनाया गया है।
जनपद हेतु गठित सत्यापन समिति की जिम्मेदारी थी कि मुद्रकों द्वारा भेजी गयी निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों की आपूर्ति प्राप्त करते समय इस बात का ध्यान रखें कि मुद्रक द्वारा भेजी गयी इनवॉइस में अंकित संख्या के अनुसार उनके द्वारा पाठ्य-पुस्तकें वास्तविक रूप से प्राप्त की गयी है। इनवॉइस में अंकित की गयी पाठ्य-पुस्तकों की संख्या से कम संख्या में प्राप्ति कदापि स्वीकार्य न की जाय। भण्डारण स्थल पर पाठ्य पुस्तकों की अनुपलब्धता के दृष्टिगत भण्डारण स्थल के रख-रखाव हेतु बनायी गयी उत्तरदायी समिति द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में पूर्ण रूप से शिथिलता एवं अनियमितता बरती गयी है।
जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति की जांच आख्या के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बहराइच द्वारा पाठ्य पुस्तकों के भण्डारण व रख-रखाव के लिए उत्तरदायी अनुचर आलोक कुमार व शफीक अहमद को निलम्बित कर दिया गया है तथा अनुदेशक अतुल कुमार सिंह, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता आशुतोष सिंह, स्पेशल एजुकेटर दीपक कुमार की संविदा समाप्त कर दी गई है। इसके साथ ही प्रभारी सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वीरेश कुमार वर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारी. नगर क्षेत्र श्रीमती डाली मिश्रा तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, बहराइच रंजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई कार्यवाही के अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश, शासन को जांच आख्या प्रेषित करते हुए प्रभारी सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वीरेश कुमार वर्मा, खण्ड शिक्षा अधिकारी. नगर क्षेत्र श्रीमती डाली मिश्रा तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, बहराइच रंजीत कुमार के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गई है।
उल्लेखनीय है कि विगत 16 फरवरी 2026 को रात्रि लगभग 09ः00 बजे जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के सीयूजी मोबाइल नम्बर सूचना प्राप्त हुई कि ट्रक संख्या यूपी 21 एफटी 8485 शैक्षणिक सत्र 2026-2027 हेतु निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों को कबाड़ में बिक्री हेतु काशीपुर (उत्तराखण्ड) ले कर जा रहा है। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। डीएम के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उक्त ट्रक को पुलिस विभाग की मदद से जनपद लखीमपुर से वापस लाते हुये थाना रामगांव जनपद बहराइच संरक्षित कराया गया था।
प्रथम दृष्टया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा उक्त ट्रक में रखी पुस्तकों को शैक्षणिक-सत्र 2026-2027 हेतु निःशुल्क पाठ्य पुस्तक बताये जाने पर तत्काल थाना रामगांव जनपद बहराइच में मु0अ0संख्या-0052 दिनांक 17-02-2026 अंकित कराते हुये जनपद के भण्डार स्थल पर सरंक्षित पुस्तकों के क्रास सत्यापन हेतु जिलाधिकारी द्वारा 05 सदस्यीय समिति गठित करते हुये 02 दिवस में सत्यापन कर सत्यापन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये थे। जिलाधिकारी द्वारा उक्त प्रकरण में दिखायी तत्परता के परिणाम स्वरूप घटना के तीसरे दिन ही जहां 02 अनुचर के निलम्बन, अनुदेशक, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता एवं स्पेशल एजुकेटर की संविदा समाप्त कर दी गई हैं। वहीं 03 जिम्मेदार विभागीय अधिकरियों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गई है।
COMMENTS