डीएम की अध्यक्षता में ग्राम विकास, पंचायती राज, गोशालाओं एवं स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 2...
डीएम की अध्यक्षता में ग्राम विकास, पंचायती राज, गोशालाओं एवं स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 25 जून 2026
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, गोशालाओं एवं जिला स्वच्छता समिति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने महिला स्वयं सहायता समूहों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने, फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा प्रधानमंत्री आवास, एनआरएलएम एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्नपूर्णा भवनों के शेष फिनिशिंग कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कर संचालित करानेह के निर्देश भी दिए।
गौशालाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नामित नोडल अधिकारी संबंधित खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर कराएं। उन्होंने गौशालाओं में हरा चारा, साइलेज एवं भूसे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सहभागिता योजना के अंतर्गत गौपालकों को समय से भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, नालियों की नियमित सफाई, अधूरे शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराने तथा पंचायत सहायकों का समय से मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन योजनाओं के आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने को कहा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

COMMENTS