उपस्थिति व्यवस्था सुदृढ़ करने व गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण सुनिश्चित करने निर्देश न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 06 मई 2026 बाराबंकी ज...
उपस्थिति व्यवस्था सुदृढ़ करने व गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण सुनिश्चित करने निर्देश
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 06 मई 2026
बाराबंकी जिले के शासकीय संस्थानों में अनुशासन, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार को प्रातः राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जहांगीराबाद बाराबंकी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर एवं बायोमेट्रिक हाजिरी का गहन परीक्षण किया, जिसमें समयपालन को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह सहित संस्थान में संचालित तीन केंद्रों यथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बनीकोडर एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरौलीगौसपुर के कुल 40 से अधिक कार्मिक निर्धारित समय के उपरांत उपस्थित पाए गए।
इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित कार्मिकों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब करने तथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यप्रणाली में समयपालन व जवाबदेही सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए निर्देशित किया कि छात्रों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए तथा प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख बनाया जाए, जिससे युवाओं को वास्तविक कौशल विकास का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने संस्थान परिसर का व्यापक भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने परिसर में संचालित टाटा मोटर्स के प्रशिक्षण केंद्र का भी अवलोकन किया तथा उद्योग-समन्वित प्रशिक्षण को और मजबूत करने, आधुनिक तकनीकों के समुचित उपयोग एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कौशल विकास संस्थान युवाओं के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं, अतः यहां अनुशासन, गुणवत्ता एवं परिणामपरक प्रशिक्षण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संस्थान की समस्त व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं मानक अनुरूप दुरुस्त कराया जाए, जिससे जनपद के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस विद्यांशु शेखर झा सहित अन्य उपस्थित रहे।

COMMENTS