बाराबंकी की ग्राम पंचायत सिहाली में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बा...
बाराबंकी की ग्राम पंचायत सिहाली में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 13 जून,2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत सिहाली, विकासखंड फतेहपुर में शनिवार को संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही रहे।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। आज 140 करोड़ भारतीयों को पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
गांवों में बिजली, सड़क और बुनियादी सुविधाओं का हुआ अभूतपूर्व विस्तार
राज्य मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। जिन क्षेत्रों में अभी भी कुछ विकास कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति और वर्तमान समय की सड़कों की गुणवत्ता में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की समन्वित कार्यशैली के परिणामस्वरूप ग्रामीण आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना तथा किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
श्री राही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी जाति, धर्म अथवा क्षेत्रीय भेदभाव के सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भी सरकार की उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद उपेन्द्र रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा राम सिंह वर्मा"भुल्लन वर्मा" , डॉ. विवेक सिंह वर्मा, जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेयी सहित मुख्य विकास अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, परियोजना निदेशक (पीडी), खंड विकास अधिकारी फतेहपुर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

COMMENTS