उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मीडिया संवाद के माध्यम से साझा की सरकार की उपलब्धियां न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 14 जून 2026 प्रधानमंत्...
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मीडिया संवाद के माध्यम से साझा की सरकार की उपलब्धियां
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 14 जून 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को जिला पंचायत सभागार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ प्रेस वार्ता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक उत्तर प्रदेश सरकार ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, रोजगार एवं महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
प्रदेश आज देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है तथा एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट एवं औद्योगिक निवेश जैसी परियोजनाएं विकास के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मीडिया द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भावी विकास कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (कारागार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुरेश राही तथा राज्य मंत्री (खाद्य एवं रसद) सतीश चन्द्र शर्मा, सदस्य विधान परिषद अंगद सिंह, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, अध्यक्ष उ0 प्र0 अनुसूचित जाति आयोग बैजनाथ रावत,भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।


COMMENTS