श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी,...
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 25 जुलाई 2026
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने तहसील नवाबगंज अन्तर्गत ग्राम मजीठा स्थित प्रसिद्ध श्री नाग देवता मजीठा धाम में आगामी श्रावण मास एवं नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, मेला स्थल, पार्किंग व्यवस्था, आवागमन मार्ग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी यातायात से मेले के दौरान प्रस्तावित रूट डायवर्जन, यातायात संचालन एवं सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों के सुव्यवस्थित संचालन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास एवं नाग पंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मजीठा धाम पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा एवं सुविधा दोनों सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहें। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी आलोक पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


COMMENTS