उद्योगों एवं शिक्षण संस्थानों के समन्वय को लेकर आयोजित हुई कार्यशाला न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 04 अगस्त,2026 जिलाधिकारी ईशान प्रत...
उद्योगों एवं शिक्षण संस्थानों के समन्वय को लेकर आयोजित हुई कार्यशाला
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 04 अगस्त,2026
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की विशेष पहल पर जनपद में मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, उद्योगों एवं शिक्षण संस्थानों के मध्य समन्वय स्थापित कर युवाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण और रोजगार के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। यदि उद्योग, शिक्षण संस्थान एवं प्रशासन समन्वित रूप से कार्य करें तो स्थानीय युवाओं को उनके गृह जनपद में ही बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण से लेकर अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार तक एक सतत व्यवस्था विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे उद्योगों को दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध हो तथा युवाओं का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सके।
कार्यशाला के दौरान जनपद में अप्रेंटिसशिप को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने हेतु उद्योगों एवं आईटीआई संस्थानों की मैपिंग, उद्योगों में उपलब्ध रिक्तियों का नियमित संकलन, एक्सपर्ट लेक्चर, इंडस्ट्रियल विजिट, अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेलों के आयोजन तथा पोस्ट प्लेसमेंट कमेटी के गठन जैसी महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी साझा की गई। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 125 युवाओं को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विशेष पहल के द्वितीय चरण के अंतर्गत "प्रशिक्षण से अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार तक (2026-27) सतत चक्र" का विमोचन किया गया। इस अभिनव कार्ययोजना के माध्यम से जनपद के समस्त राजकीय आईटीआई संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को प्रशिक्षण से लेकर अप्रेंटिसशिप एवं स्थायी रोजगार तक जोड़ने के लिए एक सतत एवं व्यवस्थित तंत्र विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत उद्योगों में उपलब्ध रिक्तियों का नियमित संकलन, पोस्ट अप्रेंटिसशिप/प्लेसमेंट समिति का गठन, प्रत्येक माह एक्सपर्ट लेक्चर एवं इंडस्ट्रियल विजिट का आयोजन, अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेलों का आयोजन, संस्थानवार मेधावी प्रशिक्षार्थियों की सूची तैयार करना, कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट आयोजित कर इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन तथा चयनित अभ्यर्थियों के लिए पिक-एंड-ड्रॉप व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने जैसे नवाचार शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने उद्योग प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना से अधिकाधिक युवाओं को जोड़ते हुए उन्हें प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन, उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के समन्वित प्रयासों से बाराबंकी को अप्रेंटिसशिप एवं कौशल विकास के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जनपद के रूप में स्थापित किया जाएगा। जनपद की समस्त औद्योगिक इकाइयों, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) एवं अन्य उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा इस महत्वपूर्ण पहल में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने पर जिलाधिकारी ने सभी के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, उपजिलाधिकारी फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के पदाधिकारीगण, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के अधिकारी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


COMMENTS