श्रावण मास का द्वितीय सोमवार भी शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न, प्रशासन की सतर्कता से श्रद्धालुओं को सुगम रहे दर्शन न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)...
श्रावण मास का द्वितीय सोमवार भी शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न, प्रशासन की सतर्कता से श्रद्धालुओं को सुगम रहे दर्शन
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 10 अगस्त 2026
बाराबंकी में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने रविवार रात्रि से ही श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। अधिकारियों की सतत निगरानी, बेहतर समन्वय एवं प्रभावी भीड़ प्रबंधन के चलते द्वितीय सोमवार का आयोजन शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की आवाजाही, कतार व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन मार्गों पर भीड़ के दबाव को नियंत्रित करते हुए कतारों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया गया।
मंदिर परिसर में प्रवेश एवं निकास के लिए निर्धारित मार्गों, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था रही। इसके साथ ही चिकित्सा सेवाएं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, मोबाइल शौचालय एवं पार्किंग की सुविधाएं भी उपलब्ध रहीं। संबंधित विभागों की टीमें अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लगातार सक्रिय रहीं।
श्रावण सोमवार के अवसर पर कावड़ियों की सुविधा एवं सेवा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रमुख मार्गों पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर संचालित किए गए, जहां श्रद्धालुओं को फलाहार, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए मार्गों पर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की गई।
श्री लोधेश्वर महादेवा मंदिर के अतिरिक्त जनपद के अन्य प्रमुख शिवालयों पर भी प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे। मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, स्वच्छता एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की गई, जिससे श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन का अवसर मिला।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी श्रावण सोमवार एवं श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाए।
द्वितीय सोमवार के आयोजन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में सहयोग प्रदान करने वाले श्रद्धालुओं, सेवा समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति जिला प्रशासन ने आभार व्यक्त किया।


COMMENTS