न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 20 अगस्त,2026 बाराबंकी की तहसील रामसनेहीघाट परिसर के सामने स्थित प्रथम तहसीलदार स्वर्गीय हरिशंकर सिंह क...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 20 अगस्त,2026
बाराबंकी की तहसील रामसनेहीघाट परिसर के सामने स्थित प्रथम तहसीलदार स्वर्गीय हरिशंकर सिंह की स्मृति में निर्मित स्मृति वाटिका के सामने सरकारी भूमि पर लोहे की भारी-भरकम गुमटियां रखकर किए जा रहे कथित अतिक्रमण ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
बताया जाता है कि इस स्मृति वाटिका का निर्माण तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आईएएस दिव्यांशु पटेल की पहल पर कराया गया था तथा इसका उद्घाटन प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया था। तहसील के सामने स्थित यह स्थल स्वच्छता और सौंदर्य का प्रतीक माना जाता था, लेकिन इंटरलॉकिंग निर्माण के बाद इसके सामने एक-एक कर लोहे की गुमटियां रखे जाने से इसकी सुंदरता प्रभावित हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय ने नगर पंचायत रामसनेहीघाट के अधिशासी अधिकारी को संबंधित भूमि तहसील की बताते हुए गुमटियां हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद न केवल गुमटियां मौके पर बनी हुई हैं, बल्कि उनकी संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में करीब चार गुमटियां वहां रखी दिखाई दे रही हैं।
करीब तीन सप्ताह से चल रहे इस क्रम पर कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। गुरुवार को क्षेत्रीय पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी बृजेंद्र उपाध्याय से मुलाकात कर स्मृति वाटिका पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस पर एसडीएम ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को बुलाकर मामले का निस्तारण कराया जाएगा तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अब जबकि तहसीलदार स्तर से पहले ही कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं और एसडीएम ने भी हस्तक्षेप का भरोसा दिलाया है, ऐसे में लोगों की निगाहें शुक्रवार को होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि स्मृति वाटिका को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाता है या मामला केवल कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाता है।


COMMENTS