न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 12 सितम्बर 2026 सरयू नदी के कटान से प्रभावित तहसील रामनगर के ग्राम हेतमापुर का शनिवार को जिलाधिकारी ईश...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 12 सितम्बर 2026
सरयू नदी के कटान से प्रभावित तहसील रामनगर के ग्राम हेतमापुर का शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे कटान-रोधी कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को 24×7 सतर्कता बनाए रखने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिकारियों ने सरयू नदी के कटान को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि कटान को न्यूनतम स्तर तक सीमित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने उपजिलाधिकारी रामनगर को निर्देशित किया कि जिन परिवारों के मकान कटान से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए भूमि का चिन्हांकन कर पात्र लोगों को आवासीय पट्टे दिए जाएं तथा सरकारी आवास योजना के तहत शीघ्र आवास स्वीकृत कराने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएं और कोई भी परिवार सहायता से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (बाढ़) प्रभाकर प्रसाद, अधीक्षण अभियंता डी.के. वर्मा, उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड शशिकांत सिंह, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


COMMENTS