न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी/रामसनेहीघाट, 01 सितम्बर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में 35 रुपये प्रत...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी/रामसनेहीघाट, 01 सितम्बर
प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने के निर्णय का रामसनेहीघाट तहसील के कोटेदारों ने स्वागत किया। सरकार के इस फैसले के बाद अब कोटेदारों को 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये प्रति क्विंटल लाभांश मिलेगा, जिससे क्षेत्र के कोटेदारों में खुशी का माहौल है।
सोमवार को तहसील परिसर में उचित दर विक्रेता संघ के नेतृत्व में कोटेदारों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश चंद्र शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए तहसीलदार को धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव एवं योगेश कुमार शुक्ला भी उपस्थित रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक कुमार गुप्त, रामसेवक, मोहम्मद अजीम, ओम प्रकाश, पंकज यादव, रमजान अली, विजय वर्मा, नंदलाल सहित तहसील क्षेत्र के दर्जनों उचित दर विक्रेता शामिल रहे।
कोटेदारों ने कहा कि लाभांश बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री द्वारा इसे स्वीकार किए जाने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने प्रदेश सरकार के इस निर्णय को जनहित एवं कोटेदार हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री एवं खाद्य एवं रसद मंत्री का आभार व्यक्त किया।

COMMENTS