न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 12 सितम्बर 2026 उत्तर प्रदेश सरकार की एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना ने बाराबंकी के पारंपरिक हथकरघा ...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 12 सितम्बर 2026
उत्तर प्रदेश सरकार की एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना ने बाराबंकी के पारंपरिक हथकरघा उद्योग को नई पहचान और नई दिशा दी है। कभी सीमित बाजार और बिचौलियों पर निर्भर रहने वाले जिले के बुनकर अब देश के बड़े व्यापारिक केंद्रों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। योजना के तहत मिले वित्तीय सहयोग, आधुनिक संसाधनों और विपणन सुविधाओं ने बुनकरों की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी है।
जैदपुर निवासी बुनकर एवं उद्यमी जफर अंसारी इस बदलाव की मिसाल बनकर उभरे हैं। उनका कहना है कि पहले उनका हुनर सीमित बाजार तक ही सिमटा रहता था, लेकिन ओडीओपी योजना ने उन्हें अपनी पहचान के साथ बड़े बाजार तक पहुंचने का अवसर दिया।
तीन पीढ़ियों से बुनाई के व्यवसाय से जुड़े जफर अंसारी को जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के माध्यम से लगभग 18 लाख रुपये का ऋण मिला। इस सहायता से उन्होंने 8 पावरलूम स्थापित किए और धागे की खरीद कर अपने उद्योग का विस्तार किया। इसके बाद उनके उत्पादों की मांग कानपुर, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और गुरुग्राम जैसे प्रमुख बाजारों तक पहुंच गई।
वर्ष 2020 में अमेरिका की प्रतिष्ठित कंपनी वॉलमार्ट से जुड़े डिजाइनर ने भी उनके कारखाने का निरीक्षण किया और उत्पादों के नमूनों की सराहना की। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नए व्यावसायिक अवसर खुलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
जफर अंसारी की एचएचआर हैंडलूम कंपनी के माध्यम से वर्तमान में लगभग 60 से 70 बुनकरों को रोजगार मिल रहा है। इससे स्पष्ट है कि ओडीओपी योजना केवल एक उद्यम को नहीं, बल्कि पूरे बुनकर समुदाय को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही है।
हाल ही में इन्वेस्ट यूपी के माध्यम से आए जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भी बाराबंकी के हथकरघा उत्पादों की सराहना की। इससे जिले के पारंपरिक उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में संभावनाओं को और बल मिला है।
योजना के प्रभाव से अब बुनकर बिचौलियों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे बड़ी कंपनियों और बाजार से जुड़ रहे हैं। इससे उन्हें बेहतर मूल्य मिलने के साथ नए डिजाइन विकसित करने, उत्पादन बढ़ाने और अधिक लोगों को रोजगार देने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
प्रदेश सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर शुरू की गई ओडीओपी योजना का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ पारंपरिक उद्योगों को आत्मनिर्भर बनाना है। बाराबंकी का हथकरघा उद्योग इस बदलाव का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है, जहां पीढ़ियों से करघे पर बुना जा रहा हर धागा अब रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहा है।

COMMENTS