न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) गोरखपुर, 30 सितंबर 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजनों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार...
न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी)
गोरखपुर, 30 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजनों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही दिव्यांगजन पेंशन राशि में एक बार फिर बढ़ोतरी करेगी। उन्होंने बताया कि पहले 300 रुपये मिलने वाली पेंशन को सरकार ने बढ़ाकर पहले 500 रुपये और फिर 1,000 रुपये किया था। अब जल्द ही इसमें फिर वृद्धि की जाएगी।
गोरखपुर क्लब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं HURL गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 509 दिव्यांगजनों को 664 सहायक उपकरण वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का पैमाना यह है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि "प्रतिभा को दया नहीं, अवसर चाहिए।" शारीरिक चुनौती किसी की क्षमता को सीमित नहीं कर सकती। उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने ऋषि अष्टावक्र, सूरदास, रवींद्र जैन, अरुणिमा सिन्हा और पैरालंपिक खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि सफलता मजबूत हौसलों से मिलती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 में प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित कर पेंशन एवं अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित दिव्यांगजनों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 17 लाख से अधिक दिव्यांगजनों की डिजिटल पहचान तैयार कर उन्हें कार्ड उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा और पुनर्वास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां दिव्यांगजनों के लिए दो विश्वविद्यालय संचालित हैं। साथ ही प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ई-ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, स्मार्ट केन, ब्रेल किट, हियरिंग एड, स्मार्टफोन सहित विभिन्न सहायक उपकरण लाभार्थियों को वितरित किए। दिव्यांग विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें तथा ब्रेल लिपि में धार्मिक ग्रंथ भी प्रदान किए गए।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग का बजट सपा सरकार के समय 665 करोड़ रुपये था, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर 2,200 करोड़ रुपये कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 25 डे-केयर सेंटर संचालित हैं तथा 28 नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

COMMENTS