शोभायात्रा मार्गों की मरम्मत, विसर्जन स्थलों पर नाव, पीए सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) ...
शोभायात्रा मार्गों की मरम्मत, विसर्जन स्थलों पर नाव, पीए सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 16 अक्टूबर, 2026
दुर्गा पूजा, दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रवीना त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद के दुर्गा पूजा पंडालों, दशहरा कार्यक्रमों, शोभायात्रा मार्गों तथा प्रतिमा विसर्जन स्थलों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जहां-जहां शोभायात्रा मार्गों पर सड़क मरम्मत का कार्य शेष है, उसे तत्काल पूरा कराया जाए। उन्होंने आसपास के जनपदों से आने वाली प्रतिमाओं के संबंध में समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विसर्जन घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही कराया जाए।
मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थलों पर अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने सभी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यकतानुसार नावों की व्यवस्था, शिफ्टवार सुरक्षा ड्यूटी तथा पीए सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, आयोजकों एवं शांति समितियों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रमुख पूजा पंडालों, दशहरा स्थलों एवं विसर्जन मार्गों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्गों का पृथक प्रबंधन तथा आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखा जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने जनपद में की जा रही तैयारियों का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत करते हुए पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरण, विद्युत सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रवीना त्यागी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी साझा की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं दक्षिणी, सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा विद्युत, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


COMMENTS