रिपोर्ट - धर्मेन्द्र कान्त श्रीवास्तव बहराइच उत्तर प्रदेश 6 अक्टूबर 2020 बहराइच - आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह...
रिपोर्ट - धर्मेन्द्र कान्त श्रीवास्तव
बहराइच उत्तर प्रदेश
6 अक्टूबर 2020
बहराइच - आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में माह अक्टूबर के प्रथम मंगलवार को तहसील कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुॅवर ज्ञानन्जय सिंह व उप जिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल के साथ आये हुए फरियादियों की समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 223 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 11 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समय से गुणवत्ता परक निस्तारण सुनिश्चित कराते हुए निस्तारण आख्या तहसील को उपलब्ध करा दी जाय। निस्तारण की कार्यवाही इस प्रकार की जाय कि फरियादी संतुष्ट हो सके। भूमि सम्बन्धित विवादों को राजस्व व पुलिस के अधिकारी मौके पर जाकर निस्तारण करायें। श्री कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी सुरक्षात्मक प्रोटोकाल तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जन समस्याओं का निस्तारण किया जाय। श्री कुमार ने ग्राम स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि ग्राम स्तर पर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर कृषि, समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण, प्रोबेशन, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाये गये थे। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की गयी।
इस अवसर पर बन्दोबस्त चकबन्दी अधिकारी शोभाराम वर्मा, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. बलवन्त सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपायुक्त स्वतः रोजगार सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
इसी प्रकार अन्य तहसीलों में सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील नानपारा में 62 प्रार्थना पत्र, पयागपुर में 117, मिहींपुरवा मोतीपुर में 18 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए तथा सदर बहराइच में प्राप्त 66 प्रार्थना पत्रों में 01, एवं महसी में प्राप्त 59 प्रार्थना पत्रों में 06 का मौके पर निस्तारण किया गया।
COMMENTS