व्यापारी नेताओं के इशारे पर क्या आम व्यापारी भी करेगा वोट सौरभ गुप्ता, कासगंज दिनाँक- 26 अप्रैल 2024 कासगंज। जीएसटी और कोविड का ...
व्यापारी नेताओं के इशारे पर क्या आम व्यापारी भी करेगा वोट
सौरभ गुप्ता, कासगंज
दिनाँक- 26 अप्रैल 2024
कासगंज। जीएसटी और कोविड का दंश झेले बैठे व्यापारियों को एक बार फिर भाजपा द्वारा रिझाने की कोशिश जारी है। गुरुवार शाम को आयोजित व्यापारी सम्मेलन में सांसद राजवीर सिंह एवं राज्य सभा सांसद नवीन जैन द्वारा व्यापारियों या यूं कहें व्यापारी नेताओं के साथ मंच साझा कर उन्हें भाजपा के पक्ष में रिझाने की एक बार फिर कोशिश की गई है। लेकिन सवाल यह है कि क्या आम व्यापारी, व्यापारी नेताओं के इशारे पर किसी पार्टी विशेष को वोट देगा।
25 अप्रैल की शाम भाजपा द्वारा शहर के कन्या महाविद्यालय में व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमे भाजपा से सांसद राजवीर सिंह एवं राज्य सभा संसद नवीन जैन द्वारा जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था। कहने को तो यह व्यापारी सम्मेलन था और व्यापारियों की समस्याओं और उनसे संवाद स्थापित करने ले लिए आयोजित किया गया था, लेकिन चुनावी मौसम में सम्मेलन भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का गुणगान कर व्यापारियों को अपने पक्ष में वोट देने की अपील तक ही यह सीमित रह गया। सवाल यह है कि सम्मेलन में बुलाये गए व्यापारिक संगठन के नेताओं को रिझाने से और उनके इशारे पर क्या व्यापारी वर्ग किसी पार्टी विशेष को वोट देगा।
अधिकतर व्यापारियों की यह भी शिकायत रही है महामारी के दौरान कथित तौर पर सरकार द्वारा व्यापारियों को कोई सहायता नही दी गई, और सरकारी विभागों की जबरन बसूली भी बढ़ गई। कोविड, जीएसटी और नोटबन्दी का दंश झेलने के बाद व्यापारी वर्ग जिसे समस्याओं के हल के नाम पर कोरी सांत्वना ही हमेशा हाथ आई है वह इस बार किसे चुनेगा, क्या व्यापारिक संगठन के नेताओं के इशारे पर व्यापारी वोट देगा इस सवाल का जबाब अभी बाकी है।
COMMENTS