12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ,राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा,एमएलसी अवनीश कुमार सिंह एवं अंगद सिंह ...
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ,राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा,एमएलसी अवनीश कुमार सिंह एवं अंगद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का किया उद्घाटन
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 15 जून 2026
बाराबंकी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे "योग सप्ताह" का शुभारंभ सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि सदस्य विधान परिषद अवनीश कुमार सिंह एवं अंगद सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं आमजन ने सहभागिता की। इस अवसर पर जनपद की योग आइकॉन नंदिता वर्मा को योग क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं समर्पण से प्रभावित होकर सदस्य विधान परिषद अवनीश कुमार सिंह ने उनकी उच्च शिक्षा का संपूर्ण व्यय वहन करने का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो संपूर्ण विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के माध्यम से जनपद के अधिकाधिक नागरिकों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके उपरांत योग गुरुओं के निर्देशन में उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा आकाश में गुब्बारे छोड़कर तथा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को नियमित योग अपनाने तथा 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन स्थानीय योग प्रशिक्षक डॉ. शशी कुमार अवस्थी द्वारा किया गया। अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीनम यादव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. ममता सचान का महत्वपूर्ण योगदान भी रहा।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग, बाराबंकी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक राकेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीनम यादव सहित आयुष विभाग के चिकित्सकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे।


COMMENTS