न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 17 अगस्त,2026 बाराबंकी के आदर्श नगर पंचायत दरियाबाद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समय से लगातार हो रह...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 17 अगस्त,2026
बाराबंकी के आदर्श नगर पंचायत दरियाबाद सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समय से लगातार हो रही अनावश्यक विद्युत कटौती को लेकर सोमवार को दरियाबाद के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली की समस्या से परेशान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकजुट होकर पावर हाउस पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया गया।
कस्बा दरियाबाद के समाजसेवी अशरफ अली खान, विपिन जैन, अनुज शुक्ला उर्फ छोटा योगी, विकास जायसवाल एवं किसान यूनियन नेता डॉक्टर मेराज अहमद के नेतृत्व में लोगों ने पावर हाउस का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बिजली की कटौती के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में पड़ने वाली गर्मी में बार-बार बिजली गुल होने से घरों के साथ-साथ दुकानदारों और व्यापारियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि बिना उचित कारण विद्युत आपूर्ति बाधित की जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पावर हाउस के घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विद्युत आपूर्ति नियमित किए जाने की मांग उठाई। लोगों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है।
प्रदर्शन के चलते पावर हाउस परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि अनावश्यक कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और नगर पंचायत दरियाबाद में सुचारु एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर विपिन जैन, अनुज शुक्ला उर्फ छोटा योगी, विकास जायसवाल मुकीम खान, अज्जू कोटेदार, चांद, उबेत खान, जावेद राईन, करीम सभासद, गोल्डन शाकिब, हरीशअंसारी,आदि तमाम उपभोक्ता उपस्थित रहे।

COMMENTS