न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 10 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत शनिवा...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 10 अक्टूबर 2026
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत शनिवार को तहसील राम सनेही घाट के लेखपालों ने थाना समाधान दिवस के दौरान कोतवाली दरियाबाद में हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपालों ने कार्य करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ ने 17 अक्तूबर से चरणबद्ध पूर्ण कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।
अश्वनी मिश्रा ने बताया कि पिछले करीब 16 वर्षों से लेखपालों के भत्तों में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है, जबकि कार्य का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। संघ की प्रमुख मांगों में ₹2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगति का निस्तारण, आठ वर्षों से लंबित अंतर्मंडलीय स्थानांतरण, वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करना, 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित कर नए लेखपालों का स्थायीकरण, भत्तों में वृद्धि, पटल कार्य से मुक्ति, ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा लेखपाल पद को तकनीकी घोषित कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना शामिल है।
लेखपाल अंबुज मिश्रा ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 12 अक्तूबर को तहसील एवं जिला मुख्यालयों पर रक्तदान शिविर तथा 14 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद 17 से 23 अक्तूबर तक तहसील मुख्यालयों पर पूर्ण कार्य बहिष्कार एवं धरना-प्रदर्शन होगा। मांगों का समाधान न होने की स्थिति में 24 अक्तूबर से जिला मुख्यालयों पर अनिश्चितकालीन धरना और कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।
इस दौरान चंद्रभान तिवारी, तनु वर्मा, आरती पाल, अपेक्षा तिवारी, बृजेश अवस्थी, विकास राय, विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।


COMMENTS