पार्किंग, यातायात, वीआईपी मार्ग, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 10 अ...
पार्किंग, यातायात, वीआईपी मार्ग, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 10 अक्टूबर 2026
27 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले ऐतिहासिक देवा मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रवीना त्यागी ने शनिवार को मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्किंग, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस लाइन, गेस्ट हाउस एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत देवा-बाराबंकी मार्ग पर प्रस्तावित पार्किंग स्थल एवं मामापुर पुलिया के पास यातायात व्यवस्था के निरीक्षण से हुई। अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं जायरीनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और यातायात संचालन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम और एसपी ने सांस्कृतिक पंडाल तक जाने वाले वीआईपी मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। सड़क पर गड्ढे पाए जाने पर उन्होंने तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मेला शुरू होने से पहले सभी मार्गों को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए।
अधिकारियों ने गेस्ट हाउस तथा वारसी इंटर कॉलेज में अस्थायी पुलिस लाइन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। पुलिस बल के ठहरने, आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल को प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग कर प्रगति की समीक्षा करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
देवा मेला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों को मजबूत रखने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि देवा मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं और जायरीनों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, एएसपी विवेक तिवारी, सीओ सदर संगम कुमार, नगर पंचायत देवा के चेयरमैन हारून वारसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


COMMENTS