न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 05 अक्टूबर, 2026 उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 05 अक्टूबर, 2026
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में नोडल एवं अपर नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन तैयारियों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ा प्रत्येक कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और समन्वित ढंग से पूरा किया जाए।
समीक्षा के दौरान मतदान कार्मिकों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, वाहनों की उपलब्धता, रूट चार्ट, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं, निर्वाचन सामग्री की छपाई, पैकिंग एवं पोलिंग स्टेशनवार बंडलिंग, बैलेट बॉक्स के वितरण और मतदान के बाद सामग्री जमा कराने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा गोपनीय अभिलेखों एवं सील्ड मतपेटिकाओं के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन, प्रेक्षकों के ठहरने और सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कार्मिकों की सुविधाएं, चिकित्सा प्रबंध, निर्वाचन संबंधी सांख्यिकीय सूचनाओं का समयबद्ध प्रेषण, आदर्श आचार संहिता के पालन, मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराने तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों की नियमित निगरानी करने और संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) निरंकार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार यादव सहित विभिन्न निर्वाचन कार्यों के लिए नामित नोडल एवं अपर नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

COMMENTS