डीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की दी जानकारी, जावेद अली, मोहम्मद दानिश समेत कई कलाकार करेंगे प्रस्तुति न्यूज़ ऑफ इंड...
डीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की दी जानकारी, जावेद अली, मोहम्मद दानिश समेत कई कलाकार करेंगे प्रस्तुति
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 25 अक्टूबर 2026
सुप्रसिद्ध देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देवा में किया जाएगा। मेले की तैयारियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एवं देवा मेला समिति के सचिव निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी नगर मो. आफताब आलम, प्रभारी सूचना अधिकारी मयंक तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की पावन नगरी देवा में लगने वाला यह ऐतिहासिक मेला गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे, आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। दस दिवसीय मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ संगीत, साहित्य, लोक संस्कृति, खेलकूद एवं मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश की म्यूजिकल नाइट, 29 अक्टूबर को चादर अर्पण एवं कव्वाली, 30 अक्टूबर को भजन संध्या, 31 अक्टूबर को गजल नाइट एवं सूफी ख्याल बैंड, 1 नवंबर को कबीर कैफे बैंड की सूफी नाइट, 2 नवंबर को मुशायरा, 3 नवंबर को कवि सम्मेलन तथा 4 नवंबर को प्रसिद्ध गायक जावेद अली की मेगा नाइट मुख्य आकर्षण होंगे।
मेले में हॉकी, कबड्डी, दंगल, वॉलीबॉल, क्रिकेट और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के साथ वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी और बेबी शो जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले की शोभा बढ़ाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 5 नवंबर को समापन समारोह के दौरान स्मारिका का विमोचन एवं प्रशस्ति पत्र वितरण किया जाएगा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्रीमती रवीना त्यागी की उपस्थिति में इको-फ्रेंडली आतिशबाजी के साथ मेले का समापन होगा।
उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले जायरीन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगंतुकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि देवा मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अवध की साझा सांस्कृतिक विरासत, सूफियाना परंपरा और सामाजिक सद्भाव का जीवंत उत्सव है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि मेले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।


COMMENTS