समाजसेवी अशरफ अली खान ने ईओ को सौंपा ज्ञापन, तालाबों से मिलने वाले राजस्व को नगर विकास में खर्च करने की अपील न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बार...
समाजसेवी अशरफ अली खान ने ईओ को सौंपा ज्ञापन, तालाबों से मिलने वाले राजस्व को नगर विकास में खर्च करने की अपील
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 24 अक्टूबर 2026
नगर पंचायत दरियाबाद क्षेत्र के तालाबों को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर नियमानुसार पारदर्शी नीलामी कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में समाजसेवी अशरफ अली खान ने शनिवार को नगर पंचायत दरियाबाद की अधिशासी अधिकारी शीलू अवस्थी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न तालाब सार्वजनिक संपत्ति और प्राकृतिक धरोहर हैं। इन पर अवैध कब्जों एवं अतिक्रमण से जलस्रोतों और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं नगर पंचायत को संभावित राजस्व की भी हानि हो रही है।
अशरफ अली खान ने मांग की कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी तालाबों की सूची तैयार कर उनके राजस्व अभिलेख, क्षेत्रफल एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए। जिन तालाबों पर अवैध कब्जे या अतिक्रमण की शिकायतें हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि तालाबों को कब्जामुक्त कराने के बाद लागू नियमों के अनुसार पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक नीलामी कराई जाए, ताकि नगर पंचायत को उचित राजस्व प्राप्त हो सके। प्राप्त राजस्व का उपयोग सड़क, नाली, साफ-सफाई, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में किया जाए।
ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया है कि इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा प्रार्थी को भी अवगत कराया जाए।
समाजसेवी अशरफ अली खान ने कहा कि तालाबों का संरक्षण जनहित और नगर के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर किसान यूनियन नेता मेराज अहमद, खुर्शीद अंसारी, शारिब अंसारी, आमिर अंसारी एवं शेख आमिर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

COMMENTS