जन सुनवाई के बाद तहसील नानपारा का किया निरीक्षण एसडीएम के प्रशासनिक नियंत्रण व कार्यकुशलता की डीएम ने की सराहना रिपोर्ट-धर्मेन्द...
जन सुनवाई के बाद तहसील नानपारा का किया निरीक्षण
एसडीएम के प्रशासनिक नियंत्रण व कार्यकुशलता की डीएम ने की सराहना
रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कान्त ,बहराइच, उत्तर प्रदेश
7 फरवरी 2026
न्यूज ऑफ इंडिया एजेंसी बहराइच
बहराइच - तहसील नानपारा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई के उपरान्त जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा तहसील नानपारा का औचक निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-रखाव, भवन एवं परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ तहसील अन्तर्गत संचालित विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर न्यायिक कार्यों, वादो का निस्तारण, राजस्व अभिलेखों, वसूली, अभिलेखागार, आईजीआरएस एवं जनसुनवाई इत्यादि व्यवस्था का गहनता से परीक्षण किया गया।
एसडीएम न्यायालय में दर्ज वादों की स्थिति की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 01 वर्ष से अधिक अवधि का कोई भी वाद लंबित नही है। पत्रावलियों के अवलोकन प्रथम दृष्टया समस्त धाराओं के वादों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण पाया गया। इस स्थिति पर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में तहसील नानपारा में प्रशासनिक एवं न्यायिक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। डीएम ने तहसीलदार व नायब तहसीलदारों के न्यायालयों का निरीक्षण करते हुए प्रचलित वादों का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की स्थिति बेहतर पायी गयी। डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिया कि नियमित रूप से समीक्षा करती रहें जिससे वसूली की प्रगति बनी रहे। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों समीक्षा के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि तहसील नानपारा पिछले 06 माह से लगातार आईजीआरएस निस्तारण में जनपद में प्रथम स्थान बनाए हुए है। इस स्थिति पर डीएम ने कहा कि यह उपलब्धि तहसील प्रशासन की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई एवं शिकायतकर्ता संतुष्टि को दर्शाती है।
निरीक्षण में दौरान नजारत पटल, राजस्व लिपिक पटल, संग्रह कार्यालय, अभिलेखागार, निर्वाचन कार्यालय, वीआरसी कार्यालय आदि तहसील के सभी कार्यालयों एवं पटलों का कार्य व्यवस्थित एवं अद्यतन पाया गया साथ ही तहसील परिसर एवं भवन की साफ-सफाई भी संतोषजनक पाई गई। कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों का संधारण एवं कार्य निष्पादन पर डीएम श्री त्रिपाठी द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। डीएम ने एसडीएम से कहा कि इसी प्रतिबद्धता के साथ जनता को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान कर तहसील नानपारा को प्रशासनिक, न्यायिक, राजस्व एवं शिकायत निस्तारण के क्षेत्र में एक आदर्श तहसील के रूप में स्थापित करने का प्रयास करें।
COMMENTS