न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी :04 फरवरी,2026 बाराबंकी की कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के सफदरगंज दरियाबाद मार्ग पर गांव रोहिलानगर के पास...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी :04 फरवरी,2026
बाराबंकी की कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के सफदरगंज दरियाबाद मार्ग पर गांव रोहिलानगर के पास स्थित टूटी नहर की पुलिया जानलेवा साबित हो रही है।जहां पर आये दिन हादसे हो रहे हैं। लेकिन विभागीय जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। एक माह में चौथी बार पुलिया से भिड़कर नहर में कोई वाहन गिरा है।
मंगलवार देर रात्रि फिर एक बुलेरो वाहन नहर पुलिया से टकरा कर नहर में गिर गई जिसमें चालक का सिर फट गया और हालत गंभीर हो गई। गनीमत रही कि बाराबंकी से लौट रहे विनय सिंह राजपूत, अभयनाथ शुक्ल आदि ने घायल को बाहर निकाल कर अस्पताल भेजवाया। जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
आक्रोशित ग्रामीणों ने रोहिलानगर में बुधवार को दरियाबाद सफदरगंज मुख्य मार्ग को करीब आधे घंटे से अधिक समय तक जाम कर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सड़क चौड़ी हो गई है लेकिन पुलिया संकरी है जिस कारण वाहनों को आगे पुलिया संकरी होने का अंदेशा नहीं हो पाता और हादसा हो जाता है।
सड़क जाम की सूचना पर दरियाबाद कोतवाली पुलिस, सिरौलीगौसपुर नायब तहसीलदार अन्नू सिंह और नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पाण्डेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। क्रेन की मदद से नहर में गिरी बोलोरो गाड़ी को बाहर निकलवाया गया। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को टेढ़ी पुलिया को सीधी करवाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया है। संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचित किया जाएगा।


COMMENTS