न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 29 मार्च,2026 बाराबंकी के जैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगी भीषण आग से 13 एंबुलेंस पूरी त...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 29 मार्च,2026
बाराबंकी के जैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लगी भीषण आग से 13 एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घटना रविवार दोपहर की है, जब सीएचसी परिसर में खड़ी पुरानी एंबुलेंस गाड़ियों से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक 13 एंबुलेंस आग की चपेट में आ गईं।
मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सीएचसी परिसर में लगी भीषण आग को अन्य वाहनों तक फैलने से रोकने के लिए, पास खड़ी सुरक्षित गाड़ियों को ट्रैक्टर और अन्य साधनों से खींचकर दूर हटाया गया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को शांत किया। तब तक 13 एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थीं।
बताया गया है कि परिसर में लगभग 42 पुरानी एंबुलेंस लंबे समय से खड़ी थीं। स्वास्थ्य विभाग इन वाहनों के मूल्यांकन और स्क्रैप करने की प्रक्रिया में था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने इन पुरानी गाड़ियों के मूल्यांकन के लिए पूर्व में एआरटीओ को पत्र भी भेजा था।
फिलहाल, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

COMMENTS