न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 30 मार्च,2026 बाराबंकी की कोतवाली क्षेत्र दरियाबाद के बेहटा गांव निवासी की हुई निर्मम हत्या के बाद सोमव...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 30 मार्च,2026
बाराबंकी की कोतवाली क्षेत्र दरियाबाद के बेहटा गांव निवासी की हुई निर्मम हत्या के बाद सोमवार को मंत्री श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग अनिल राजभर शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। मंत्री ने मृतक बबलू राजभर के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और गहरा दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि बेहटा गांव निवासी बबलू राजभर की दो दिन पूर्व उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह बर्फ बेचने के सिलसिले में नैपुरा मजरे परसावल गया था।
आरोप है कि वहीं पर शंकर यादव नामक व्यक्ति ने गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार को अनिल राजभर बेहटा गांव पहुंचे और सीधे मृतक के घर जाकर परिवार के सदस्यों से मिले। उन्होंने मृतक की पत्नी, मां, पिता और ससुर को ढांढस बंधाया। मंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने मौके पर ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और भरोसा दिलाया कि बच्चों की शिक्षा, भरण-पोषण और अन्य जरूरतों की जिम्मेदारी शासन स्तर से उठाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द न्याय दिलाने की बात कही।
इस दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार बालेंदु भूषण वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्र, कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


COMMENTS