न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 09 अप्रैल 2026 राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक व प्रेस वार्ता के...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 09 अप्रैल 2026
राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक व प्रेस वार्ता के उपरांत बाराबंकी शहर स्थित नगर पालिका कार्यालय और विकास भवन में डीपीआरओ कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन सूचना से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए और खामियां मिलने पर तत्काल सुधार करने को कहा। विकास भवन स्थित पंचायती राज विभाग के कार्यालय में निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जन शिकायतों की समीक्षा की। यहां उन्होंने नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नीतीश भोंडले को निर्देशित किया कि जन सूचना अधिकार अधिनियम से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर आयुक्त ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिशाषी अधिकारी संजय शुक्ला को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सूचना से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आयुक्त मोहम्मद नदीम ने निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, रजिस्टरों व व्यवस्थाओं की भी जांच की और अधिकारियों को पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आयुक्त ने तहसील रामसनेहीघाट का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव, निजी सचिव नजरुल सिद्दकी, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक राकेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित गण उपस्थित रहे।


COMMENTS