न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ: 16 जून 2026 आवासहीन एवं जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामी...
न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी)
लखनऊ: 16 जून 2026
आवासहीन एवं जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आशा की नई किरण बनकर सामने आई है। योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराकर उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी जीवन का आधार प्रदान किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व एवं निर्देशन में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत समाज के सबसे वंचित वर्गों और पात्र जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुविधा का लाभ देकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) प्रदेश की पूर्णतः राज्य सहायतार्थ योजना है, जिसका शुभारंभ फरवरी 2018 में किया गया था। योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा, कालाजार, वनटांगिया, मुसहर, नट, चेरो, सहरिया, कोल, थारू, पछइया लोहार, गढ़इया लोहार, बैगा वर्ग, जेई/एईएस प्रभावित, कुष्ठ रोग प्रभावित परिवारों तथा ऐसे पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है, जो प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता के बावजूद स्थायी पात्रता सूची में शामिल नहीं हो सके और जर्जर कच्चे मकानों अथवा बिना छत के जीवन यापन कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की पहल पर मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्राथमिकता श्रेणी में दिव्यांगजन, 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की निराश्रित विधवा महिलाएं तथा उत्तर प्रदेश की सभी अनुसूचित जनजातियों को शामिल किया गया, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों तक आवास सुविधा पहुंचाई जा सके।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए 01 लाख 20 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। आवास का क्षेत्रफल 25 वर्गमीटर निर्धारित है। इसके साथ ही शौचालय निर्माण के लिए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 12 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है तथा आवास निर्माण में मनरेगा योजना के माध्यम से 90 मानव दिवस के रोजगार का भी प्राविधान है।
कभी बारिश में टपकती छत, सर्दियों में ठिठुरन और गर्मियों में असुरक्षा झेलने वाले ग्रामीण परिवार आज पक्के घरों में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने केवल मकान उपलब्ध नहीं कराया, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में सुरक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा का नया अध्याय जोड़ा है।
शासन के मूल्यांकन प्रभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2023-24 के मध्य कराए गए सर्वेक्षण में योजना के सकारात्मक प्रभाव सामने आए हैं। सर्वेक्षण में शामिल 1,464 परिवारों में से 1,457 परिवारों ने माना कि पक्का घर मिलने के बाद उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
प्रदेश में वर्ष 2018 से संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 5 लाख 87 हजार से अधिक आश्रयहीन ग्रामीण परिवारों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें 1 लाख 30 हजार दिव्यांगजन तथा 72 हजार से अधिक निराश्रित विधवा महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया गया है।
सर्वेक्षण में पाया गया कि पक्का मकान मिलने के बाद सबसे बड़ा बदलाव सुरक्षा के स्तर पर आया है। 84 प्रतिशत लाभार्थियों ने बताया कि अब उन्हें सर्दी, गर्मी और बारिश जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों से बेहतर सुरक्षा मिल रही है। वहीं 77 प्रतिशत परिवारों ने रहन-सहन और जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार की बात कही।
आवास मिलने से लोगों के आत्मसम्मान में भी वृद्धि हुई है। 71 प्रतिशत लाभार्थियों ने माना कि पक्का घर मिलने से समाज में उनका सम्मान बढ़ा है और उन्हें सामाजिक बराबरी का अनुभव हो रहा है। वर्षों से कच्चे और झोपड़ीनुमा घरों में रहने वाले परिवार अब स्वयं को अधिक सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
सर्वेक्षण में यह भी सामने आया कि 68 प्रतिशत लाभार्थियों को पहले घरों में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के खतरा रहता था, जिससे अब उन्हें राहत मिली है। वहीं 27 प्रतिशत परिवारों ने बताया कि आवास मिलने के बाद बच्चों की शिक्षा, परिवार के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आया है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उन गरीब परिवारों के लिए आशा की किरण बनी है, जो विभिन्न कारणों से अन्य आवास योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर सके थे। विशेष रूप से वनटांगिया, मुसहर, कोल, थारू, चेरो, कुष्ठ प्रभावित तथा कालाजार एवं जापानी इंसेफेलाइटिस से प्रभावित परिवारों को इस योजना के माध्यम से सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अब केवल मकान निर्माण की योजना नहीं रह गई है, बल्कि यह गरीब परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का मजबूत आधार बन चुकी है। पक्की छत ने लाखों परिवारों के जीवन में आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा का नया अध्याय जोड़ा है।

COMMENTS