न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी:12 जुलाई,2026 बाराबंकी के थाना दरियाबाद क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान करीब ढाई साल के मास...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी:12 जुलाई,2026
बाराबंकी के थाना दरियाबाद क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान करीब ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया और सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के गांव नियामतपुर की है पास के गांव दाना कयामपुर में अनुज गुप्ता नामक व्यक्ति एक क्लिनिक चलाता है जहाँ शनिवार की देर शाम सर्दी-बुखार से पीड़ित ढाई वर्षीय अयांश को उसके परिजन इलाज के लिए डॉक्टर के क्लिनिक पर ले गए थे।
उपचार के दौरान अयांश की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर के पास इलाज करने की कोई वैध चिकित्सीय योग्यता नहीं है लेकिन लोगों का इलाज करता है।
परिजनों ने डॉक्टर के क्लिनिक पर भी हंगामा किया और दरियाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आगे की कार्रवाई शुरू की। मिली जानकारी के मुताबिक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक साल पहले भी इसी क्लिनिक में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई थी। उस समय पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन इसके बावजूद यह क्लिनिक दोबारा संचालित होने लगा।
ग्रामीणों ने बताया कि दरियाबाद क्षेत्र में कई निजी अस्पताल और क्लिनिक बिना आवश्यक मानकों के चल रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग इन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करता। लोगों ने प्रशासन से ऐसे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

COMMENTS