न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी, 01 सितंबर,2026 मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) जनपद बाराबंकी के युवाओं के सपनों को नई...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 01 सितंबर,2026
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) जनपद बाराबंकी के युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आत्मनिर्भर युवा और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की सोच को साकार करते हुए यह योजना युवाओं को नौकरी तलाशने वाले से रोजगार देने वाला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जनपद के आर्यन कुमार और प्रखर शुक्ला इसकी प्रेरक मिसाल हैं। दोनों युवाओं को योजना के तहत 5-5 लाख रुपये का ऋण मिला, जिसकी मदद से उन्होंने अपने हुनर को सफल व्यवसाय में बदल दिया और आज कई लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार कर रहे हैं।
मधुमक्खी पालन को आधुनिक व्यवसाय बना रहे आर्यन
ग्राम दरावपुर निवासी आर्यन कुमार ने पिता से मिले मधुमक्खी पालन के अनुभव को आधुनिक उद्यम का रूप दिया। सीएम युवा योजना के तहत मिले 5 लाख रुपये के ऋण से उन्होंने शहद और उससे जुड़े मूल्य संवर्धित उत्पादों का व्यवसाय शुरू किया।
आज उनके यहां हनी विनेगर, हनी जिंजर, ड्राई फ्रूट्स विद हनी और गार्लिक विद हनी जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य स्थानीय मधुमक्खी पालकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
डिजिटल स्टार्टअप से 40 लोगों को रोजगार दे रहे प्रखर
बाराबंकी निवासी प्रखर शुक्ला को कंटेंट क्रिएशन और वीडियो एडिटिंग का शौक था, लेकिन संसाधनों की कमी बाधा बनी हुई थी। सीएम युवा योजना से 5 लाख रुपये का ऋण मिलने के बाद उन्होंने तीन कंप्यूटर खरीदकर अपना स्टार्टअप शुरू किया।
छोटे स्तर से शुरू हुआ यह उद्यम आज 40 से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा है। उनकी कंपनी देश-विदेश के 50 से अधिक क्लाइंट्स के लिए कंटेंट क्रिएशन और वीडियो एडिटिंग का कार्य कर रही है।
योजना से मिल रही आत्मनिर्भरता की नई पहचान
आर्यन और प्रखर की सफलता यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिलने पर युवा अपने हुनर को सफल व्यवसाय में बदल सकते हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से सरकार युवाओं को आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देकर उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है।
इन दोनों युवाओं की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बदलते बाराबंकी और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जहां युवा स्वयं आत्मनिर्भर बनकर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं।


COMMENTS