डीएम की धर्मपत्नी आईएएस रिया केजरीवाल ने किया शुभारंभ, सफेद कबूतर उड़ाकर दिया शांति और भाईचारे का संदेश न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंक...
डीएम की धर्मपत्नी आईएएस रिया केजरीवाल ने किया शुभारंभ, सफेद कबूतर उड़ाकर दिया शांति और भाईचारे का संदेश
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी, 27 अक्टूबर 2026
विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक देवा मेला-2026 का मंगलवार को भव्य शुभारंभ सूफियाना रूहानियत, सांस्कृतिक उल्लास और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी छटा के बीच हुआ। शेख मोहम्मद हसन गेट पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की धर्मपत्नी एवं आईएएस अधिकारी श्रीमती रिया केजरीवाल ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया तथा सफेद कबूतर उड़ाकर अमन, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
उद्घाटन समारोह में शहनाई की मधुर स्वर-लहरियों, पीएसी बैंड की आकर्षक धुनों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, मेला समिति के सदस्य, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मेले के पहले दिन रंग-बिरंगी दुकानों, आकर्षक झूलों, पशु बाजार और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। बच्चों की चहल-पहल और देश-विदेश से आए जायरीनों की मौजूदगी से पूरा मेला परिसर जीवंत नजर आया।
कौमी एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
देवा मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि सूफी संत हजरत हाजी वारिस अली शाह की प्रेम, इंसानियत और सर्वधर्म समभाव की शिक्षाओं का जीवंत प्रतीक है। यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग एक साथ जुटकर आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। उद्घाटन के दौरान उड़ाए गए सफेद कबूतर इसी साझा विरासत और शांति के प्रतीक बने।
सांस्कृतिक संध्या में बिखरा कला और संगीत का रंग
सांस्कृतिक मंच का शुभारंभ जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि देवा मेला हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा हजरत वारिस अली शाह की शिक्षाएं प्रेम, सौहार्द और मानवता का संदेश देती हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत बहार सुगम संगीत प्रभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा गणेश वंदना से हुई। इसके बाद प्रभात नारायण दीक्षित की रचित सूफियाना कव्वाली "तेरे जलवों के चर्चे सुन-सुनकर मैं आया हूं बाबा" ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शिवराजे म्यूजिकल बैंड ने बॉलीवुड मैशअप प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
अरुणोदय पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने 'महिषासुर मर्दिनी' पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुति देकर नारी शक्ति, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और युवा प्रतिभाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
28 अक्टूबर के प्रमुख आकर्षण
- पूर्वाह्न 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक – हॉकी प्रतियोगिता (खेल मैदान) एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रम (ऑडिटोरियम)।
- सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक – सुगम संगीत कार्यक्रम।
- सायं 7:00 बजे से – इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश की शानदार म्यूजिकल नाइट।
देवा मेला-2026 आगामी दिनों में खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक आयोजनों, कव्वाली, संगीत और नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहेगा। यह मेला न केवल सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखता है, बल्कि स्थानीय व्यापार, कलाकारों और पर्यटन को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।



COMMENTS