मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने किया तालाब का निरीक्षण, 2 लाख लीटर ग्रे–वाटर प्रतिदिन हो रहा शोधन न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 18 सि...
मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने किया तालाब का निरीक्षण, 2 लाख लीटर ग्रे–वाटर प्रतिदिन हो रहा शोधन
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 18 सितम्बर 2025
बाराबंकी की नगर पंचायत क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण व भू–गर्भ जल को बढ़ावा देने हेतु गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अन्ना सुदन ने जनपद के नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ शहर के दशहरा बाग के मोहारीपुरवा स्थित तालाब का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने तालाबों को ग्रे–वाटर मैनेजमेंट की दृष्टि से विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अधिकारियों को दी गई तकनीकी जानकारी
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सहायक अभियंता विजयलाल ने उपस्थित अधिकारियों को ट्रीटमेंट प्लांट (MBBR प्रणाली) की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आस–पास की आबादी से निकलने वाला प्रयुक्त/उत्पन्न जल नालियों के माध्यम से इस प्लांट तक पहुँचाया जाता है। यहाँ उसका शोधन कर स्वच्छ जल तालाब में डाला जाता है, जिससे भू–गर्भ जल का संरक्षण संभव हो पा रहा है।
हर दिन 2 लाख लीटर जल का शोधन
ईओ नगर पालिका संजय शुक्ल ने यह भी बताया कि इस ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 2.00 लाख लीटर ग्रे–वाटर का शोधन कर तालाब में संचयित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया नगर क्षेत्र में जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करते हुए इसी प्रकार तालाबों को विकसित कर ग्रे–वाटर मैनेजमेंट को बढ़ावा दें।
COMMENTS