न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 02 अप्रैल 2026 बाराबंकी जिले के डीएम शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को त...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 02 अप्रैल 2026
बाराबंकी जिले के डीएम शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को तहसील नवाबगंज क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम मेंहदीपुर मजरे हरख में पोस्ता/अफीम की खेती का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा अफीम की खेती से होने वाले लाभ एवं आने वाली चुनौतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिला अफीम अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में वर्तमान में कुल 5038 किसान अफीम की खेती कर रहे हैं। इनमें से 4269 किसान सीपीएस पद्धति के अंतर्गत प्रति किसान लगभग 5 एयर भूमि पर खेती कर रहे हैं, जबकि शेष 769 कृषक 1 एयर भूमि पर पारंपरिक चीरा विधि से अफीम उत्पादन कर रहे हैं।
डीएम ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि अफीम की खेती उनके लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने, उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने तथा खेती से अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान एवं आवश्यक सहयोग के लिए निरंतर तत्पर है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने किसानों एवं संबंधित अधिकारियों से कहा कि अफीम के संग्रहण, भंडारण एवं अवशेष के निस्तारण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपादित किया जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारु बनी रहे।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं किसान बन्धु उपस्थित रहे।


COMMENTS