न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 13 जुलाई,2026 बाराबंकी के दरियाबाद में ढाई साल के एक बच्चे की मौत के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप म...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 13 जुलाई,2026
बाराबंकी के दरियाबाद में ढाई साल के एक बच्चे की मौत के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है दरियाबाद ही नहीं जनपद के सभी सीएचसी क्षेत्र में संचालित हो रहे अवैध अस्पतालों व झोलाछाप डॉक्टर के
के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की शुरूवात हुई है।
बाराबंकी के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.एस. स्वामी के नेतृत्व में सोमवार को सीएचसी मथुरानगर दरियाबाद अधीक्षक डॉ. अमित कुमार दूबे व स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा छापेमारी का अभियान चलाया गया।चलाये गये इस अभियान के तहत सीएचसी से करीब 500 मीटर की दूरी पर दरियाबाद स्थित एक अस्पताल को सील कर दिया गया तो वहीं, दो अन्य अस्पतालों को नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इन अस्पतालों से मरीजों का इलाज न करने और पंजीकरण से जुड़े कागजात के साथ तीन दिन के भीतर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएचसी दरियाबाद क्षेत्र में संचालित हो रहे अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के क्लिनिक पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई छापेमारी के दौरान सिटी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में कोई मरीज या डॉक्टर नहीं मिला। अस्पताल में आईसीयू से लेकर ओटी तक की सभी व्यवस्थाएं अवैध रूप से संचालित थीं, जिसके बाद इसे सील कर दिया गया। वहीं
दरियाबाद-सफदरगंज मार्ग पर स्थित शिफा हॉस्पिटल और जेठौती राजपूतान मोड़ पर स्थित जन्नत हॉस्पिटल में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम को कई अनियमितताएं मिलीं। शिफा हॉस्पिटल में मौजूद स्टाफ से एडिशनल सीएमओ ने उनकी योग्यता के बारे में जानकारी ली। इन दोनों अस्पतालों को नियमों का पालन करने और मरीजों का इलाज न करने के निर्देश दिए गए, साथ ही पंजीकरण से जुड़े कागजों के साथ तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएचसी दरियाबाद क्षेत्र में हुई इस अचानक छापेमारी से अवैध अस्पताल संचालकों व झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार दरियाबाद ब्लॉक मुख्यालय के सामने, दरियाबाद कस्बा चौकी के सामने और टिकैतनगर स्थित कई अवैध अस्पताल संचालक अपने अस्पताल बंद कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक दरियाबाद सीएचसी क्षेत्र में तमाम अवैध अस्पताल और झोलाछाप डॉक्टरों के क्लिनिक संचालित हैं जो घटना घटित होने पर कार्रवाई के नाम पर सील कर बंद कर दिये जाते हैं लेकिन कुछ दिन बाद किसी दूसरे नाम से खुल जाते हैं और अपना गोरखधंधा चलाने लगते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि आमजनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मानकविहिन अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डाक्टरों की क्लिनिक पर स्थानीय स्वास्थ्य विभाग अंकुश लगा सकेगा या की जा रही छापेमारी महज स्वास्थ्य विभाग की खानापूर्ति है?
हालांकि इस संबंध में दरियाबाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार दूबे ने बताया कि एक अवैध अस्पताल को सील किया गया है और दो अन्य को नोटिस जारी किए गए हैं अवैध अस्पतालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।जोकि अब आगे देखने वाली बात होगी।

COMMENTS