न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी : 13 जुलाई 2026 बाराबंकी की कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के नियामतपुर गांव में झोलाछाप चिकित्सक द्वारा इंजे...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी : 13 जुलाई 2026
बाराबंकी की कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के नियामतपुर गांव में झोलाछाप चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद शनिवार 11 जुलाई 2026 की देर रात दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया और मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बीकापुर निवासी झोलाछाप चिकित्सक अनुज गुप्ता ने शनिवार को उपचार के दौरान नियामतपुर गांव निवासी दो वर्षीय मासूम आयांश पुत्र अमित वर्मा को इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे संभाल पाते,कि उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। उक्त घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चिकित्सक को पकड़कर एक घर में बंद कर दिया और पिटाई भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और मृतक मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद, मृतक के पिता अमित वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनुज गुप्ता के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद, सोमवार 13 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है।

COMMENTS