न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी) बाराबंकी: 15 जुलाई,2026 बाराबंकी के विकास खण्ड पूरेडलाई की एक बड़ी ग्राम पंचायत के रूप में जानी जाने वाली कस्बा...
न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)
बाराबंकी: 15 जुलाई,2026
बाराबंकी के विकास खण्ड पूरेडलाई की एक बड़ी ग्राम पंचायत के रूप में जानी जाने वाली कस्बा इचौली में मंगलवार की बीती रात को हुई बारिश के दौरान हुए जलभराव ने विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी। सरकार के विकास संबंधी दावों के बीच कस्बे की गलियां और मुख्य सड़क मार्ग पानी से लबालब नजर आए, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण गली-मोहल्लों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया जिससे दुकानदारों को अपने सामानों के खराब होने का डर सताने लगा है। एक दुकानदार जिन्हें स्थानीय लोग "लाला" के नाम से जानते हैं, उन्होंने बताया कि हल्की बारिश में भी उनकी दुकान के अंदर पानी भर जाता है। कारण यह है कि जल निकासी के लिए बना नाला कूड़े के ढेर से पट गया है, कोई साफ़ सफाई कराने न करने वाला है उन्होंने कहा कि पूरे कस्बे में जहां-जहां जल निकासी की व्यवस्था नहीं है, वहां लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कस्बा इचौली से टिकैतनगर जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे बने नाले में कूड़े का बड़ा ढेर जमा होने के कारण पानी का बहाव रुक गया है। नतीजतन नाले का गंदा पानी सड़क और आस-पास के घरों में भर जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे के नाले नालियों की तत्काल सफाई कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
तमाम स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करें तो विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति स्वयं सामने नजर आ जाएगी।


COMMENTS